भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी में हिन्दी पखवाड़ा का आयोजन
Publish Date:13-10-2026भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी में हिन्दी पखवाड़ा का आयोजन
संस्थान के कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
गुवाहाटी, xx अक्टूबर 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी (आईआईटी गुवाहाटी) में राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार तथा कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिन्दी पखवाड़ा का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक कवि सम्मेलन से हुई, जिसमें संस्थान की वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी सुश्री मानोषी नेउग, संस्थान के संकाय सदस्य डॉ. रविन्द्र कुमार झा, केंद्रीय हिन्दी प्रशिक्षण संस्थान के क्षेत्रीय कार्यालय, गुवाहाटी में तैनात श्री अब्दुल सलाम तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
हिन्दी पखवाड़ा के अंतर्गत संस्थान के कार्मिकों के लिए हिन्दी टिप्पणी एवं सरकारी पत्र लेखन, निबंध लेखन तथा हिन्दी काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं, विद्यार्थियों के लिए साहित्यिक परिचर्चा, निबंध लेखन तथा कहानी लेखन प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
इसके अतिरिक्त, संस्थान परिसर में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के बच्चों के लिए हिन्दी कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के कार्मिकों तथा संकाय सदस्यों के बच्चों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिन्दी पखवाड़ा का समापन समारोह 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया गया। समारोह में आर्य विद्यापीठ महाविद्यालय, गुवाहाटी के हिन्दी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. उदिप्त तालुकदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. देवेन्द्र जालिहाल के साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य तथा कार्मिक भी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि डॉ. तालुकदार ने भारत तथा विश्व में हिन्दी की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरकारी कामकाज में हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के विभिन्न तरीकों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
संस्थान के निदेशक डॉ. जालिहाल ने सांस्कृतिक एवं भौगोलिक विविधताओं वाले भारत के विभिन्न राज्यों के बीच हिन्दी को संपर्क भाषा तथा राष्ट्रीय एकता के सूत्र के रूप में रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में सुश्री मानोषी नेउग ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
